सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
बंगाल के दार्जिलिंग जिले के भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी स्थित व खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के दुधगेट इलाके में बैटरी चलित स्कूटी कंपनी के नाम पर 54 लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। नौकरी और नई स्कूटी देने का लालच देकर लोगों को जाल में फंसाए जाने को लेकर खोरीबाड़ी थाना की पुलिस ने दुधगेट शाखा के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम आर्यन सिंह है। वह महाराष्ट्र के बिरार थाना क्षेत्र के बिरार पश्चिम का निवासी बताया गया है। बुधवार आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो वर्ष पहले दुधगेट क्षेत्र में एक निजी स्कूटी कंपनी की शाखा खोली गई थी। तीन महीने पहले स्कूटी बिक्री के लिए कर्मचारियों की भर्ती शुरू हुई। इस दौरान भारत -नेपाल सीमा के पानीटंकी, खोरीबाड़ी, नक्सलबाड़ी के 54 लोग इस झांसे में आ गए। आरोप है कि कंपनी ने ज्वाइन करते ही कर्मचारियों को इनाम के तौर पर स्कूटी दी और कुछ लोगों को शुरुआती महीनों में मोटी सैलरी भी दी गई। लेकिन बाद में पता चला कि कंपनी ने उनके नाम पर स्कूटी का लोन करा दिया। अब वेतन आने के बजाय हर महीने उनके खातों से इएमआइ कट रही थी। मामला सामने आने के बाद पीड़ितों ने खोरीबाड़ी थाना की पानीटंकी पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। मिली शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

क्या कहते हैं एसडीपीओ
इस संबंध में दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने बताया कि बैटरी चलित स्कूटी कंपनी के ठगी के मामले को लेकर शिकायत मिलने के बाद आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। क्या कुछ मामला है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
