• Tue. Apr 14th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर डुमरिया में श्रद्धा सुमन अर्पित, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने दी श्रद्धांजलि।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।


संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर रविवार को शहर के डुमरिया वार्ड नंबर 30 में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजा सिंह के नेतृत्व में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और समाजसेवियों ने बाबा साहेब के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके द्वारा दिखाए गए समानता के मार्ग को याद किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करेंगे और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करेंगे। साथ ही कई फलदार एवं छायादार वृक्ष भी लगाए गए।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राजा सिंह ने कहा कि आज हम सब उस महामानव की जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने न केवल भारत को एक सशक्त संविधान दिया, बल्कि ऊंच-नीच और भेदभाव को मिटाकर समाज को एकता के सूत्र में पिरोया। डॉ. अंबेडकर का जीवन हर संघर्षशील व्यक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमारा उद्देश्य बाबा साहेब के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। उनके बताए रास्तों पर चलकर ही हम एक सशक्त और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से समाजसेवी जीवन कृष्ण सिंह, विशाल पाल, उत्तम सिंह, गौतम कुमार दास, अधिवक्ता परिमल साहा, मुकेश राम, सुबोध पासवान, एलआईसी विकास अधिकारी अमित कुमार और प्रमोद कुमार उर्फ लड्डू महतो सहित कई स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *