सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा में अनानास के खेत से बाघ के दो शावक बरामद होने से इलाके में दहशत फैल गई। फांसीदेवा ब्लॉक के घोषपुकुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत फौजीजोत इलाके में शुक्रवार को एक अनानास के खेत से बाघ के दो बच्चे (शावक) मिलने से हड़कंप मच गया।
इस संबंध में स्थानीय निवासी परिमन सिंह ने बताया कि शावकों के मिलने के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है। सूचना मिलते ही घोषपुकुर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
इस संबंध में घोषपुकुर वन विभाग के रेंजर समब्रत साधु ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंच गए थे। वन विभाग के कर्मी फिलहाल वहां तैनात हैं। उन्होंने बताया कि आमतौर पर बाघ अपने शावकों को छोड़कर दूर नहीं जाते हैं। एहतियात के तौर पर वहां पिंजरा भी लगाया गया है। फिलहाल वन विभाग के कर्मी मौके पर डेरा डाले हुए हैं।
