• Fri. Mar 13th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जनसंख्या स्थिरता से मातृ-शिशु सुरक्षा तक : मिशन परिवार विकास अभियान के तहत स्वास्थ्य मेला एवं मीडिया ब्रीफिंग आयोजित।

परिवार नियोजन को जनआंदोलन बनाने की अपील, मीडिया को बताया जागरूकता का प्रभावी माध्यम

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा जनसंख्या स्थिरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में मिशन परिवार विकास अभियान के तहत शुक्रवार को सदर अस्पताल, किशनगंज में स्वास्थ्य मेला एवं मीडिया ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्य, सेवाओं और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की, ताकि परिवार नियोजन से जुड़ी सही जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।

कार्यक्रम की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने फीता काटकर की। वहीं कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन, सीडीओ डॉ. मंजर आलम, डीपीएम डॉ. मुनाजिम, डीपीसी विश्वजीत कुमार, डीडीए सुमन सिन्हा सहित सहयोगी संस्था पिरामल, पीएसआई इंडिया एवं सिफार के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान स्वास्थ्य मेले में आए लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, सेवाओं और परामर्श के बारे में जानकारी भी दी गई।

06 मार्च से 20 मार्च तक चल रहा है मिशन परिवार विकास अभियान

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में मिशन परिवार विकास अभियान 06 मार्च से 20 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राज्य सरकार के निर्देशानुसार 23 फरवरी से 05 मार्च 2026 तक “दंपति संपर्क सप्ताह” मनाया गया, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर दंपत्तियों से संपर्क कर परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी।

वहीं 06 मार्च से 20 मार्च तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है, जिसके दौरान सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन सेवाएँ, परामर्श और आवश्यक साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही जिले के सभी प्रखंडों में व्यापक जागरूकता अभियान और स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन को परिवार नियोजन के महत्व से अवगत कराया जा सके।

परिवार नियोजन से सुरक्षित होगा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य – सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का विषय नहीं, बल्कि माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। योजनाबद्ध परिवार से महिलाओं को गर्भधारण के बीच पर्याप्त अंतर मिलता है, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर रहता है और नवजात शिशुओं की देखभाल भी सही तरीके से हो पाती है।

उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन से संबंधित सेवाएँ और साधन उपलब्ध हैं। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि दंपत्ति अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएँ।

सिविल सर्जन ने यह भी कहा कि मीडिया के माध्यम से ही परिवार नियोजन से जुड़ी सही और वैज्ञानिक जानकारी समाज के बड़े हिस्से तक पहुँच सकती है, इसलिए मीडिया का सहयोग इस अभियान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

स्वास्थ्य मेले से लोगों को मिल रही जानकारी – सदर अस्पताल उपाधीक्षक

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने कहा कि स्वास्थ्य मेला का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और परिवार नियोजन विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से आमजनों में जागरूकता बढ़ती है और वे स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएँ और अपने परिवार के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।

समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाना आवश्यक – सीडीओ

सीडीओ डॉ. मंजर आलम ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता के लिए समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी गांव-गांव जाकर लोगों को परिवार नियोजन के लाभों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब समाज में सही जानकारी और सकारात्मक सोच विकसित होगी, तभी इस अभियान के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त किया जा सकेगा।

मीडिया जागरूकता का सशक्त माध्यम

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि स्वस्थ और योजनाबद्ध परिवार ही समाज के समग्र विकास की आधारशिला होते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है और परिवार नियोजन जैसे विषय पर लोगों को जागरूक करने में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान की जानकारी, उपलब्ध सेवाओं और इसके लाभों को आमजन तक पहुँचाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, सहयोगी संस्थाओं और मीडिया के सामूहिक प्रयास से ही मिशन परिवार विकास अभियान को समाज में व्यापक रूप से सफल बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *