राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में किशनगंज जिले के गलगलिया चेक पोस्ट पर विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग ने एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
उत्पाद विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार राय एवं अभिमन्यु कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ गलगलिया चेक पोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बंगाल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। ट्रक के भीतर गुप्त तरीके से छुपाकर रखी गई 945 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
मौके से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान शक्ति कुमार राय और राजू कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे शराब की यह बड़ी खेप पश्चिम बंगाल से लेकर वैशाली ले जा रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद उत्पाद विभाग ने नियमानुसार कागजी प्रक्रिया पूरी की। दोनों आरोपियों को किशनगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका अनिवार्य स्वास्थ्य जांच कराया गया। मेडिकल जांच के उपरांत उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराब माफियाओं और नशेड़ियों के खिलाफ यह शिकंजा आगे और भी कड़ा किया जाएगा। सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
