• Sat. Apr 18th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ऑपरेशन मुस्कान: किशनगंज पुलिस ने लौटाईं 55 चेहरों की खुशियां, ₹13.70 लाख के मोबाइल पाकर लोगों ने कहा- ‘थैंक्यू सर’।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसपी संतोष कुमार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बरामद किए गए कुल 55 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ‘थैंक्यू सर’ कहकर आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के 13 थाना क्षेत्रों से कुल 55 मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख 70 हजार रुपये है। यह बरामदगी जिला पुलिस की तकनीकी सेल और विशेष टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए एसपी के निर्देश पर सभी थानों के अपर थानाध्यक्षों और जिला आसूचना इकाई की एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने IMEI ट्रैकिंग, CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी विश्लेषण का सहारा लेकर इन मोबाइलों को ट्रैक किया।

जिले के विभिन्न थानों से बरामदगी का विवरण इस प्रकार है: दिघलबैंक – 20 मोबाइल, किशनगंज – 6, कोचाधामन – 6 मोबाइल, टेढ़ागाछ – 5, बहादुरगंज – 5 मोबाइल, पहाड़कट्टा – 3 मोबाइल, फतेहपुर – 2, गलगलिया – 2, अराबाड़ी – 2 मोबाइल, बिबीगंज, कोढ़ाबाड़ी, गंधर्वडांगा व जियापोखर – 1-1 मोबाइल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *