सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
जिले के शहीद जुब्बा साहनी केंद्रीय कारा सह महिला मंडल कारा में शुक्रवार तड़के प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान जेल परिसर के सभी सेल और बैरकों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, डीसीएलआर सदर अपेक्षा मोदी, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए हर कोने की सघन तलाशी ली।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और किसी भी अवैध गतिविधि पर नजर रखना था। हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की औचक जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि कारा परिसर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
