राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज पुलिस ने सुखानी थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टॉप-10 सक्रिय एवं वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम मसिरूद्दीन उर्फ मसीरू उर्फ मसीर उर्फ मसेर है, जो अमलझाड़ी वार्ड नं०-01, थाना पाथामारी, जिला किशनगंज का रहने वाला है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुखानी थानाध्यक्ष को आसूचना संकलन के क्रम में यह सूचना प्राप्त हुई कि उक्त कांड का वांछित अभियुक्त अमलझाड़ी क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद थानाध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल का गठन कर सघन छापेमारी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त लूट कांड में वांछित था और चोरी एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर कांडों में भी संलिप्त रहा है। उल्लेखनीय है कि उक्त कांड के अन्य सह-अभियुक्त जारूल उर्फ जहरूल एवं निहार बाबू को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
