• Sun. Apr 19th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

शराब तस्करी के विरुद्ध उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 181 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में किशनगंज के गलगलिया चेक पोस्ट पर तैनात टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है और दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह और पुलिस बल के साथ गलगलिया चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। जब पुलिस बल ने कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें गुप्त रूप से छिपाई गई 181.560 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मोहम्मद तौसीफ और मोहम्मद मुल्तजीर के रूप में हुई है।

मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद थाना अध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि पकड़े गए तस्कर शराब की इस बड़ी खेप को पश्चिम बंगाल से जोकीहाट ले जाने की फिराक में थे। गलगलिया चेक पोस्ट पर मुस्तैदी के कारण इन्हें धर दबोचा गया। विभाग द्वारा इनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि जिले के सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *