सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में नकली खाद्य तेल का बड़ा मामला सामने आया है। मशहूर ब्रांड Fortune के नाम पर बाजार में नकली रिफाइंड बेचे जाने की सूचना पर प्रशासन ने छापेमारी की, जिसमें 500 से ज्यादा पेटियां बरामद की गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए तेल की पैकिंग इतनी सटीक तरीके से तैयार की गई थी कि पहली नजर में असली और नकली के बीच अंतर कर पाना बेहद मुश्किल था। आशंका जताई जा रही है कि इस नकली उत्पाद को बाजार में लंबे समय से सप्लाई किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके से बड़ी मात्रा में तैयार और पैक किया गया तेल बरामद किया। इसके साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह माल किन-किन इलाकों में भेजा जा रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह के नकली खाद्य पदार्थ लोगों की सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं। इसलिए मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल, इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
