राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में किशनगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन ड्राइव के तहत पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला तस्कर को स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
किराना दुकान की आड़ में चल रहा था नशे का खेल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज थाना क्षेत्र के पानीसाल गाँव में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर 21 अप्रैल 2026 को जिला आसूचना इकाई (DIU) और किशनगंज थाना की संयुक्त टीम ने कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पानीसाल गाँव (वार्ड नंबर-12) स्थित एक किराना दुकान की तलाशी ली गई, जहाँ से स्मैक बरामद हुई।
24 पुड़िया स्मैक बरामद, आरोपी जेल भेजी गई
छापेमारी के दौरान किराना दुकान चलाने वाली महिला अमीना खातून (पति- असराउल हक) के पास से 24 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन 6.12 ग्राम पाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्मैक को जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में किशनगंज थाना में कांड संख्या 431/26 दर्ज किया गया है। आरोपी महिला पर NDPS एक्ट की धारा 8(c) और 21(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
