चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में कुदरत का कहर: तेज आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिले में बीती रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। चक्रवाती तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि शहर के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ गए और बिजली के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

रेलवे कॉलोनी, डुमरिया, डुमरिया भट्टा, डे-मार्केट, बस स्टैंड, खगड़ा, माछमारा, हलीम चौक, लहरा चौक, धरामगंज, रुईधासा सहित शहर के विभिन्न इलाकों में चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहां कई विशाल पेड़ों की टहनियां टूटकर मुख्य सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

अंधेरे में डूबा शहर
तेज आंधी के कारण बिजली के तार टूटने और पोल गिरने की वजह से रात से ही पूरे शहर की बिजली गुल है। उमस और गर्मी के बीच बिजली न होने से नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

राहत कार्य जारी
बिजली विभाग की टीम युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि लाइनों को ठीक किया जा रहा है और जल्द ही शहर की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *