राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज: पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के दिशा-निर्देशन में गठित विशेष टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। फर्जी कंपनी बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना इकबाल अहमद को नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त इकबाल अहमद पर आरोप है कि उसने Fast Word Nidhi Ltd. नामक फर्जी कंपनी बनाकर भोले-भाले लोगों को अधिक ब्याज का प्रलोभन देकर उनसे 81.83 लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में दिघलबैंक थाना में ठगी और गबन का मामला दर्ज है।
पुलिस टीम ने बताया कि इकबाल अहमद पिछले 2 वर्षों से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर इकबाल अहमद को नोएडा से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के बाद इकबाल अहमद को ट्रांजिट रिमांड पर किशनगंज लाया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस टीम ठगी की गई राशि की बरामदगी के लिए तथा इस ठगी में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
