• Tue. Sep 30th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, 2025 में 225 सीटों का लक्ष्य दोहराया गया

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

गुरुवार को किशनगंज मुख्यालय के खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्लाह खान स्टेडियम में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विकास कार्यों पर जताया आभार
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किशनगंज की जनता विकास के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पसंद करती है और मुख्यमंत्री भी यहां की जनता से विशेष लगाव रखते हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ जाति और धर्म की राजनीति करते हैं, जबकि एनडीए सरकार देश की 140 करोड़ जनता को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूती से कार्य करने का आह्वान किया।

225 सीटों का लक्ष्य दोहराया
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने किशनगंज की भौगोलिक स्थिति का जिक्र करते हुए जिले में सामाजिक सौहार्द की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2025 के चुनाव में “225 फिर से नीतीश” के नारे को साकार करने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि 2005 से पहले अल्पसंख्यकों के लिए 3 करोड़ रुपये का बजट था, जो अब बढ़कर 700 करोड़ रुपये हो गया है।

विपक्ष पर लोजपा (र) का हमला
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर पर मेहनत करने की अपील की ताकि एनडीए 2025 में 225 सीटें जीत सके। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार के दौरान सिर्फ दंगे-फसाद और जातीय उन्माद हुआ करता था, उनकी भाषा भी विभाजनकारी थी।

सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल
इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, लोजपा (र) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोसपा प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी, पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम, पूर्व विधायक नौशाद आलम, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, लोजपा (र) जिलाध्यक्ष हबीबूर रहमान, हम जिलाध्यक्ष शाहजहां, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुशांत गोप समेत हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संगठित होकर 2025 के चुनाव के लिए तैयारी करने का संकल्प दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *