सारस न्यूज़, अररिया।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा) अररिया जिला का दूसरा जिला सम्मेलन शुक्रवार को पेंशनर समाज भवन परिसर, कचहरी प्रांगण में आयोजित हुआ। सम्मेलन की शुरुआत ध्वजारोहण और शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता अमेरिका देवी, नुजहत बानो, सुनीता देवी और सावो खातून ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी हलीमा खातून और रंजु देवी ने निभाई।
सम्मेलन का उद्घाटन एडवा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपरी देवी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने राज्य और देश में महिलाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मौजूदा राज्य और केंद्र सरकार की नीतियां मजदूर और किसान विरोधी हैं, जिनका महिलाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
सम्मेलन में एडवा की जिला सचिव की रिपोर्ट पर चर्चा हुई, जिसमें 12 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। चर्चा के बाद रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके उपरांत 25 सदस्यीय नई जिला समिति का गठन किया गया। समिति में फुल बानो को अध्यक्ष चुना गया, जबकि बीबी प्रविणा, चंद्रकला देवी और बीबी रुकसार को उपाध्यक्ष बनाया गया। हलीमा खातून को सचिव और रंथु देवी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। अमेरिका देवी, नुजहत बानो और सुनीता देवी को संयुक्त सचिव बनाया गया। कार्यकारिणी में मीरा देवी, सुमित्रा देवी, गीता देवी, सुलो देवी, अंजरी, पुष्पा देवी, मानकी देवी, मसरत, अनीता देवी समेत अन्य सदस्य शामिल किए गए। चार पद फिलहाल रिक्त रखे गए हैं।
सम्मेलन का समापन सीपीएम जिला सचिव कॉमरेड राम विनय राय के प्रेरक संबोधन के साथ हुआ। कार्यक्रम में एडवा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
