सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में मंगलवार दोपहर पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी। घटना से गांव में कोहराम मच गया। काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान अशोक राय के पुत्र आदित्य कुमार (6 वर्ष), दूसरा मंगराही के जितेंद्र कुमार की पुत्री कृति कुमारी (6 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर मोतीपुर थाना के प्रभारी थानेदार अमित कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुल निर्माण करने वाले पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पुलिस ने समझाकर सभी को शांत कराया। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजने की कवायद की जा रही है।
बताया गया कि पुल निर्माण के कारण गड्ढा खोदा गया है। इसमें पानी भरा हुआ है। दोनों बच्चे वहीं पर खेल रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से पानी भरे गड्ढे में गिर गए। इससे दोनों की मौके पर मौत हो गयी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने CO अश्विनी कुमार से पीड़ित परिवार को 20-20 लाख मुआवजा दिलाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गयी है। CO द्वारा उचित मुआवजा का आश्वासन देने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।