विजय गुप्ता, सारस न्यूज़, किशनगंज।
एसपी डॉक्टर इनामुल हक मेगनु के निर्देश पर सदर थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में नशेड़ियों के विरुद्ध टाउन थाना पुलिस के द्वारा लगातार चलाये जा रहे विशेष अभियान में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से गांजा व स्मैक की पुड़िया भी बरामद किया है। शुक्रवार की रात को पुलिस ने अलग अलग स्थानों में चलाया छापेमारी अभियान। सभी को बस स्टैंड के समीप से दबोचा गया है। गिरफ्तार युवकों में मुकेश कुमार व सूरज साह फरिंगोला का रहने वाला है। राजा चुड़ी पट्टी व नसीम अख्तर बहादुरगंज का रहने वाला है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से 4 पुड़िया स्मैक व 4 पुड़िया गांजा बरामद किया गया है। सदर थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह ने बताया कि शहर में बढ़ते नशे के विरुद्ध पुलिस अभियान चला रही है। इसी दौरान शुक्रवार की रात को सूचना मिली कि कुछ युवक बस स्टैंड ओवर ब्रिज के पास नशे का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ स्थल पर पहुंचे। वहां से चारों को पकड़ा गया। वही कुछ युवक दूर से ही पुलिस को देखते ही अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए सभी युवक18- 20 वर्ष की आयु के हैं और जो कम उम्र में ही नशे का सेवन कर रहे थे। चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज करवाया गया है। वहीं शनिवार को चारो युवकों का मेडिकल जांच के उपरांत जेल भेज दिया गया।
