राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
भारत मुक्ति मोर्चा द्वारा आहूत ‘भारत बंद’ के आह्वान पर आज किशनगंज में व्यापक असर देखने को मिला। जिले के NH-27 बस स्टैंड के पास भारत मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष राजेंद्र पासवान के नेतृत्व में सड़क मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया। आंदोलनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और यातायात को रोककर अपनी मांगों को बुलंद किया।
आंदोलन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेंद्र पासवान ने कहा कि यह प्रदर्शन SC, ST, OBC और शिक्षकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का हिस्सा है। उन्होंने मुख्य रूप से तीन मांगें रखते हुए कहा कि SC-ST और OBC के हितों की रक्षा के लिए एक सख्त UGC बिल तत्काल लागू किया जाए। साथ ही, 2011 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की बाध्यता से मुक्त किया जाए।
सड़क जाम होने के कारण NH-27 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, उनका संघर्ष जारी रहेगा। मौके पर भारी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार विरोधी नारे लगाए।
