• Fri. Feb 27th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

‘समृद्धि यात्रा’ की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के संभावित ‘समृद्धि यात्रा’ कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित जिला आगमन को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने संकेत दिया कि मुख्यमंत्री का दौरा होली के तुरंत बाद संभावित है। इसको ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें और प्रगति रिपोर्ट को अद्यतन रखें, ताकि प्रस्तुतीकरण के दौरान सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में संभावित कार्यक्रम स्थलों की पहचान, हेलीपैड की व्यवस्था, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, प्रदर्शनी स्टॉल और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन तत्काल प्रारंभ करने तथा प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

विभिन्न विभागों—जैसे जीविका, उद्योग, कृषि, शिक्षा, समाज कल्याण, उद्यान, स्वास्थ्य, अल्पसंख्यक कल्याण एवं अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण—को अपनी योजनाओं से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु स्टॉल लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही “सबका सम्मान – जीवन आसान” अभियान के तहत संचालित सेवाओं, जैसे जनसुनवाई, भूमि निबंधन, हेल्पलाइन एवं नागरिक सुविधाओं की जानकारी हेतु अलग से प्रदर्शनी स्टॉल लगाने को कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी बैठक में वरीय पदाधिकारी की अनुपस्थिति में कनिष्ठ अधिकारी शामिल होते हैं, तो वे बैठक की संपूर्ण जानकारी अपने वरीय अधिकारी तक अनिवार्य रूप से पहुंचाएं। कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तय होने के बाद प्रचार-प्रसार सामग्री, फ्लेक्स बैनर एवं योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट A-3 आकार में तैयार करने तथा समन्वय के लिए एक विशेष समिति गठित करने का भी निर्देश दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया। इसके अलावा बाहरी जिलों से आने वाले अधिकारियों के आवासन एवं वाहन प्रबंधन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *