• Thu. Apr 16th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: बंगाल से कार में लाई जा रही विदेशी शराब जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।


जिले में शराब तस्करी और पियक्कड़ों के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। ताजा कार्रवाई में विभाग ने गलगलिया चेक पोस्ट और शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी व देसी शराब बरामद की है। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

किशनगंज जिले के गलगलिया चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह, चंदन राय, साथ ही गलगलिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक विजय प्रताप ने जांच अभियान चलाया। जांच अभियान के दौरान बंगाल की ओर से आ रही एक कार को रोककर जांच-पड़ताल की गई। जांच-पड़ताल के दौरान कार में लदी 55.350 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर मनोज राय, निवासी मुजफ्फरपुर जिला, को गिरफ्तार किया गया।

वहीं दूसरी ओर उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक कृष्णानंद ने किशनगंज शहर के हवाई अड्डा क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर जांच अभियान चलाया। जांच अभियान के दौरान 9 लीटर देसी शराब के साथ एक तस्कर कुंदन कुमार साह, निवासी खगड़ा, को गिरफ्तार किया गया। वहीं ब्लॉक चौक से 500 मिलीलीटर बीयर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद विभाग द्वारा पकड़े गए सभी आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशनगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। स्वास्थ्य जांच के उपरांत सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

उत्पादन निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *