• Sun. Dec 7th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज में की जा रही ड्रेगन फ्रुट की खेती को देखने पहुंचे सीआरपीएफ के डीआईजी।

सारस न्यूज, किशनगंज।

ठाकुरगंज निवासी सह मुंबई में पदस्थापित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के डीआईजी प्रभात चंद्र झा ने नगर क्षेत्र ठाकुरगंज में हो रही ड्रेगन फ्रूट की खेती को देखा। पांच एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड नं एक के गांधी नगर में जैन एग्रो फार्म के कृषक नागराज नखत के द्वारा की जा रही ड्रैगन फ्रूट की खेती देखने डीआईजी प्रभात चंद्र झा अपने धर्मपत्नी पद्मजा झा के साथ पहुंचे थे। इस दौरान डीआईजी प्रभात चंद्र झा ने कृषक नागराज नखत से खेती करने की विधि की जानकारी ली। अपने गृह नगर क्षेत्र ठाकुरगंज में बिहार में सर्वप्रथम शुरुआत की जानें वाली लेटिन अमेरिकन फल ड्रेगन फ्रूट की खेती का जायजा लेने के दौरान वे काफी उत्साहित दिखे। डीआईजी ने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ अलग हट कर भी नए प्रयोग करने चाहिए। ड्रेगन फ्रूट की हो रही खेती से आने वाले समय में जिले में कृषि क्रांति के संकेत दिखेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र मामले में वे ही किसान सफल हो सकते है जो प्रयोगों में विश्वास करते है। ठाकुरगंज में  ड्रेगन फ्रूट की खेती के जरिए किया जा रहा एक नया प्रयोग आने वाले दिनों में लोगो को एक नई राह दिखायेगा। उन्होंने कहा कि ड्रेगन फ्रूट निश्चित ही लाभदायक खेती है। जरूरत इस बात की है कि लोगों को इस खेती के प्रति जागरूक किया जाए और खेती की विधि भी बताया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इस खेती से लाभ उठा सके। इस खेती से कृषकों को जोड़ा जाए ताकि क्षेत्र के  किसान भी इस खेती से जुड़कर आत्मनिर्भर भी बन सके। वहीं कृषक नागराज नखत ने खेती के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यहां ड्रेगन फ्रूट की खेती जैविक विधि से की जाती है। इससे इस फल में मौजूद सारे गुण मौजूद रहते हैं और उपभोक्ता को स्वाद के साथ-साथ फल में मौजुद सारे पौष्टिक व गुण का लाभ मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *