• Fri. Apr 24th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ताराचंद धानुका अकादमी के छात्रों ने चलाया अनोखा ट्रैफिक अवेयरनेस अभियान।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

24 अप्रैल 2026 को ठाकुरगंज प्रखंड के चुरलीगुड़ी स्थित ताराचंद धानुका अकादमी के विद्यार्थियों ने शहर में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह अभियान ठाकुरगंज बाजार के भीड़भाड़ वाले प्रमुख चौराहों और सड़कों पर चलाया गया।

इस पहल में करीब 250 छात्र-छात्राओं और 25 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने जागरूकता के लिए पारंपरिक तरीकों से हटकर एक रचनात्मक और प्रभावशाली तरीका अपनाया। उन्होंने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को रोका, उनसे संवाद किया और प्रतीकात्मक रूप से “नकली चालान” थमाए।

इन चालानों में जुर्माने की जगह प्रेरणादायक संदेश और छोटे-छोटे सामाजिक कार्य दिए गए थे, जिससे लोगों को अपनी गलती का अहसास हो और वे आगे से नियमों का पालन करें। इस अनोखे प्रयास ने आम लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें सोचने पर मजबूर किया।

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की जमकर सराहना की और छात्रों की समझदारी व रचनात्मक सोच की तारीफ की। लोगों का कहना था कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होते हैं।

अकादमी प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों के माध्यम से समाज में नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *