राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष छापेमारी अभियान के दौरान करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की 515.670 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पोठिया थाना क्षेत्र के फुलवाड़ी तैयबपुर गांव में एक घर पर अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह बड़ी मात्रा में हेरोइन की खरीद-बिक्री के लिए जुटने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक सह जिला आसूचना इकाई प्रभारी मो. मुश्ताक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें पोठिया थानाध्यक्ष अंजय अमन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीम ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फुलवाड़ी तैयबपुर स्थित बड़ापोखर के पास वाहिद के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद पांच लोग भागने लगे, जिनमें से तीन को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
रहवर आलम (40 वर्ष), निवासी पानबाड़ा, पोठिया
रफीक अंसारी (40 वर्ष), निवासी पानबाड़ा, पोठिया
मो. सद्दाम (32 वर्ष), निवासी छतरगाछ, पहाड़कट्टा
वहीं, दो आरोपी वाहिद (घर का मालिक) और हमिदुल (मोटरसाइकिल मालिक) अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से हेरोइन के साथ एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी वाहिद का परिवार नेपाल में रहता है और वह नेपाल से आकर किशनगंज में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार संचालित करता था। यह गिरोह पिछले कई वर्षों से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर तस्करी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क की कड़ियां नेपाल से लेकर किशनगंज और तेलंगाना के हैदराबाद तक फैली हुई हैं। मामले में एक अन्य आरोपी रजा आलम, जो हैदराबाद से तकनीकी माध्यमों के जरिए ड्रग्स डीलिंग कर रहा था, उसकी गिरफ्तारी के लिए तेलंगाना पुलिस के साथ समन्वय कर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट है और इसके अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी तथा और मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
