चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी GST पेपर पर कोयला तस्करी का भंडाफोड़, 4 ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, ​किशनगंज।

बिहार के किशनगंज जिले में पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फर्जी GST दस्तावेजों के आधार पर संगठित तरीके से कोयले की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार ट्रकों को जब्त किया है और उनके चालकों को गिरफ्तार कर लिया है।

​गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
​पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ वाहन मालिक फर्जी कागजात तैयार कर अवैध रूप से कोयले की खेप निकाल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए 25 अप्रैल 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (किशनगंज-2) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​जांच में खुली पोल, मेघालय का GST और असम का पता
गलगलिया चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग के दौरान जब चार कोयला लदे ट्रकों को रोका गया, तो चालकों द्वारा दिखाए गए GST बीजक (Invoice) संदिग्ध पाए गए। बारीकी से जांच करने पर ​बीजक का निर्गत वर्ष और श्रृंखला संख्या (Series Number) गलत थी। ​GST नंबर मेघालय का था, जबकि बिजनेस स्थल असम का दर्ज था। ​कोयला गुवाहाटी से लोड दिखाया गया था, लेकिन दस्तावेजों में तालमेल नहीं था।

पुलिस ने मौके से अवैध परिवहन के आरोप में चार चालकों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान ​हरेकृष्ण सिंह (भोजपुर), ​गुलजार (शामली, उत्तर प्रदेश), ​राजीव कुमार (मुजफ्फरपुर), ​शित राय (समस्तीपुर) है। इस मामले में गलगलिया थाना में कांड संख्या-42/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं जैसे 338, 336(3), 340(2), 318(4), 111(3), 111(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अब इस संगठित गिरोह के मुख्य सरगनाओं और वाहन मालिकों की तलाश में जुट गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *