Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ईस्ट बंगाल क्लब के 102 वां स्थापना दिवस पर सिलीगुड़ी ईस्ट बंगाल फैन क्लब ने आयोजित की समारोह

Aug 2, 2021

बीरबल माहतो, सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

देश के प्रतिष्ठित ईस्ट बंगाल फुटबॉल क्लब का 102वां स्थापना दिवस रविवार एक अगस्त को यहां सिलीगुड़ी ईस्ट बंगाल फैन क्लब की ओर से पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इसे लेकर कंचनजंघा स्टेडियम (सिल्लीगुड़ी) परिसर में 11 नंबर गेट के सामने एक समारोह आयोजित किया गया था। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सिलीगुड़ी नगर निगम की प्रशासकीय समिति के चेयरमैन गौतम देव सम्मिलित हुए। उन्होंने ईस्ट बंगाल प्रेमियों को ईस्ट बंगाल क्लब के 102वें स्थापना दिवस की बधाई दी। कहा कि, राज्य व देश में फुटबॉल की लोकप्रियता बढ़ा कर इस खेल के विकास में विश्व प्रसिद्ध ईस्ट बंगाल क्लब ने हमेशा उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना महामारी के चलते गत दो वर्षो से मैदान सूने पड़े हैं। उम्मीद है कि अब जल्द ही मैदानों की रंगत लौटेगी।
इस अवसर पर ईस्ट बंगाल क्लब का लाल-पीले रंग का झंडा फहराया गया। इसके साथ ही इसी रंग का केक काटा गया। हरेक का मुंह मीठा कराया गया। इस अवसर पर सिलीगुड़ी व जलपाईगुड़ी के 11 फुटबॉल कोचिंग संस्थानों को जर्सी भेंट की गई। वहीं, इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शहर की मेधावी छात्रा अनन्या पुरकायस्थ का अभिनंदन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि इसी दिन सिलीगुड़ी ईस्ट बंगाल फैन क्लब का भी चौथा स्थापना दिवस था। इसे लेकर आयोजित समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर बंगाल की राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध टेबल टेनिस कोच भारती घोष, पूर्व वार्ड पार्षद नांटू पाल, जाने-माने समाजसेवी व खेल संगठनकर्ता मदन भट्टाचार्य, ‘सिलीगुड़ी ईस्ट बंगाल फैन क्लब’ के महासचिव अनूप बसु व अन्य कई गणमान्य इस समारोह में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!