• Wed. Feb 18th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

28 फरवरी को सम्राट अशोक भवन में होगा सुरजापूरी महोत्सव 2026, समिति गठन के निर्देश।

सारस न्यूज, किशनगंज।

सुरजापूरी महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर समाहरणालय में जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन हेतु विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से महोत्सव की तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई तथा कार्यक्रम के आयोजन के लिए सम्राट अशोक भवन का चयन किया गया। जिला पदाधिकारी ने आयोजन से जुड़े सभी कार्यों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक समितियों के गठन के निर्देश दिए।

महोत्सव के दौरान सुरजापूरी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने हेतु विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें लोकगीत, लोकनृत्य, नाटक, सुरजापूरी कवि सम्मेलन तथा पारंपरिक लोक वादन यंत्रों की प्रस्तुति शामिल रहेगी। इसके अतिरिक्त सुरजापूरी संस्कृति पर आधारित डॉक्यूमेंट्री वीडियो के निर्माण पर भी सहमति बनी।

बैठक में सुरजापूरी पारंपरिक वस्तुओं एवं व्यंजनों के स्टॉल लगाने, टेंट, कुर्सी, लाइट, साउंड, सजावट, प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं अल्पाहार की व्यवस्था सहित प्रचार-प्रसार के लिए बैनर एवं फ्लैक्स लगाने पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, महिला एवं पुरुष सुरक्षाबलों की प्रतिनियुक्ति, चिकित्सीय दल की तैनाती, समारोह स्थल की साफ-सफाई तथा व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सुरजापूरी संस्कृति से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों, कवियों, साहित्यकारों एवं समाजसेवियों के सम्मान पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी प्रहलाद कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *