• Mon. Mar 2nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

होली के उपलक्ष्य में चेस क्रॉप्स द्वारा शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

आसन्न होली के उपलक्ष्य में जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में चेस क्रॉप्स अकादमी द्वारा रविवार को एक निःशुल्क शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अकादमी के लगभग दो दर्जन बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष तथा संघ के वरीय उपाध्यक्ष मनोज गट्टानी एवं श्रीमती सन्नो देवी गट्टानी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि हमारे शतरंज खिलाड़ी होली जैसे पारंपरिक पर्व-त्योहारों में भी प्रतिस्पर्धात्मक खेल का आनंद लेना चाहते हैं। उनके इस उत्साह और जज़्बे की सराहना की जानी चाहिए।

संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं वरीय संयुक्त सचिव सह उक्त केंद्र के संचालक कमल कर्मकार ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को चार विभागों में विभाजित कर प्रतियोगिता संपन्न कराई गई। प्रतियोगिता के निर्णायक एवं संघ के संयुक्त सचिव सुधांशु सरकार तथा रोहन कुमार ने जानकारी दी कि अपने-अपने विभागों में शिवांश शेखर, वंश शर्मा, लकी कुमार साहा एवं जीविका चितलांगिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कुणाल सरकार, राजवी गुप्ता, अयांश रंजन एवं नित्य चितलांगिया द्वितीय स्थान पर रहे। स्वरूप गुप्ता, उत्कर्ष कुमार साहा, अस्मित आनंद एवं रियांशी कनोडिया को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में मयंक पारीक, ईशान कर्मकार, गोपी चौधरी सहित अन्य प्रतिभागियों के प्रदर्शन की भी सराहना की गई।

अंत में विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को चेस क्रॉप्स अकादमी की ओर से पारितोषिक प्रदान किए गए। पारितोषिक के रूप में होली खेलने हेतु पिचकारी, गुलाल एवं टोपी भेंट की गई। मुख्य अतिथि मनोज गट्टानी एवं सन्नो देवी गट्टानी ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन को सफल बनाने में सहायक सचिव रौनक कुमार का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *