राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले के पोठिया प्रखंड में हुई दिल दहला देने वाली वारदात के बाद शुक्रवार को ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके गांव पहुंचे। विधायक ने परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में न्याय दिलाने का अटूट भरोसा दिलाया।बीते बुधवार की रात एक विवाहिता का शव मक्का के खेत से अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया था। मृतका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस नृशंस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल व्याप्त है।घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए विधायक गोपाल अग्रवाल ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित मांगें रखीं जिसमे दोषियों को ऐसी सजा मिले जो समाज में एक मिसाल बने और भविष्य में कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके।पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी मुआवजा दिया जाए और मुकदमे का पूरा खर्च प्रशासन वहन करे। विधायक ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं इस पूरे मामले की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं।परिजनों से मुलाकात के बाद श्री अग्रवाल ने एक बार फिर बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाकर सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने कहा जहा-जहा घुसपैठियों ने जमीनों पर अवैध कब्जा कर रखा है, उसे हर हाल में खाली करवाया जाएगा। मुझे पता है कि इस मुहिम के कारण मेरी हत्या का प्रयास भी किया जा सकता है, लेकिन मैंने सिर पर कफन बांध लिया है और मैं पीछे नहीं हटने वाला।
