सारस न्यूज टीम, ठाकुरगंज।
गृहमंत्री अमित शाह के सीमांचल के दौरे की तिथि समीप आते ही भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद देखी जा रही है। सीमा पर तैनात खुफिया विभाग के अधिकारी भी हरेक जानकारी जुटाने में लगे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को एसएसबी महानिदेशक सुजाय लाल थोओसेन ने 12 बटालियन के फतेहपुर बीओपी संग 19वीं बटालियन मुख्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने 19 वीं बटालियन मुख्यालय के लिए ली गई 30 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर जल्द भवन निर्माण की बात कही।
सीमावर्ती क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए सीमा पर निगेहबानी सख्त करने का निर्देश दिया। इस मौके पर उपस्थित ठाकुरगंज सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान, टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष नीरज कुमार निराला से भी सीमा सुरक्षा संबंधित जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी हाल में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल असमाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाए। साथ सीमावर्ती क्षेत्र के युवक-युवतियों को समय -समय पर रोजगारमुखी प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के अवसर प्रदान करने में एसएसबी अग्रेतर भूमिका निभाये।
सेवा बंधुत्व व त्याग के सिद्धांत पर कार्य करते हुए जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। इससे पूर्व उन्होंने मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर एसएसबी आईजी अमित कुमार(सिलीगुड़ी), डीआईजी एम एस पडा (रानीडांगा), 19 वी बटालियन के सेनानायक मधुकर अमिताभ, उप सेनानायक जीतलाल संग अन्य अधिकारी उपस्थित थे।