चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

‘ईज ऑफ लिविंग’ को ज़मीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए प्रशासन सख्त, डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ पहल को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी विशाल राज ने आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक निर्देश जारी किए।

इस दौरान डीएम ने साफ तौर पर कहा कि सप्ताह में दो दिन—सोमवार और शुक्रवार—सभी विभागों के पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। इसका उद्देश्य आम लोगों को बिना भटकाव के अपनी समस्याएं रखने और उनका जल्द समाधान पाने का अवसर देना है।

प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि हर सरकारी कार्यालय में आने वाले लोगों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही आगंतुक रजिस्टर का नियमित रख-रखाव करते हुए हर शिकायत को दर्ज कर उसका समयबद्ध निपटारा किया जाए।

डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर पर प्रतिदिन कार्यालय में आने वाले लोगों की संख्या की रिपोर्ट तैयार कर उसे नियमित रूप से साझा किया जाए। यदि किसी प्रकार की समस्या या बाधा सामने आती है, तो संबंधित पदाधिकारी तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएं।

उन्होंने यह स्पष्ट किया कि आमजनों को किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होनी चाहिए। अगर कोई पदाधिकारी किसी कारणवश अनुपस्थित रहता है, तो उसके स्थान पर अधिकृत अधिकारी लोगों की समस्याएं सुनने के लिए उपलब्ध रहेगा। वहीं, जिन अधिकारियों के पास एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार है, वे दोनों निर्धारित दिनों में सभी कार्यालयों में उपस्थित होकर लोगों से मुलाकात सुनिश्चित करेंगे।

अंत में जिला पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि अगर निर्देशों का पालन नहीं किया गया या किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती गई, तो संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह पहल प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ सरकारी सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *