सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
किशनगंज में प्रस्तावित राज्यपाल के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित सभागार में जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अगुवाई में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राज्यपाल के संभावित कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर बारीकी से चर्चा की। जानकारी के अनुसार, समाहरणालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जबकि कनकई सभागार में सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें किशनगंज और अररिया के लोग शामिल होंगे।
जिला पदाधिकारी ने सभी तैनात कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कार्केड मूवमेंट के दौरान किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मार्ग को पूरी तरह साफ-सुथरा और सुरक्षित रखने पर जोर देते हुए कहा कि कहीं भी अवरोध, पशु या अनावश्यक गतिविधि नहीं होनी चाहिए। साथ ही हवाई अड्डा क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि रनवे के आसपास किसी की भी पहुंच न हो और विमान की लैंडिंग प्रभावित न हो।पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर, पायलट कार, एस्कॉर्ट और वार्निंग कार सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को सुबह निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यपाल का प्रोटोकॉल बेहद संवेदनशील होता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्केड में शामिल सभी वाहनों के चालकों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और सभी वाहन तकनीकी रूप से फिट होने चाहिए। इसके लिए मोटर वाहन निरीक्षक को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।इसके अलावा, संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, ड्रॉप गेट संचालन को व्यवस्थित करने और पार्किंग स्थलों को पहले से चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। समाहरणालय परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, डीपीआरओ सह जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, एसडीएम अनिकेत कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन के निर्देश दिए हैं।
