सारस न्यूज़, किशनगंज।
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय–3’ योजना के तहत शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किशनगंज जिले में मॉडल स्कूलों के लिए शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर छात्रों को बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।इसी क्रम में योग्य शिक्षकों के चयन के लिए ऑनलाइन माध्यम ‘E-शिक्षाकोष’ के जरिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें जिले भर से कुल 137 शिक्षकों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो पूरे इंटरव्यू की निगरानी कर रही है।जानकारी के अनुसार, साक्षात्कार की प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न हो रही है। पहले चरण में 22 अप्रैल को 41 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि दूसरे चरण में 27 अप्रैल को 50 शिक्षकों का इंटरव्यू लिया गया। अभ्यर्थियों का मूल्यांकन उनकी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, प्रदर्शन और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जा रहा है।अधिकारियों के मुताबिक, सभी मानकों का समेकित आकलन करने के बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। खास बात यह है कि इन मॉडल स्कूलों के लिए नई नियुक्ति नहीं की जा रही है, बल्कि वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों में से ही योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है।जिले में कुल सात मॉडल स्कूल संचालित किए जाएंगे, जिन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का केंद्र बनाने की योजना है। ये विद्यालय न केवल छात्रों को बेहतर शिक्षा देंगे, बल्कि अन्य स्कूलों के लिए भी मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे।
