बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज।
प्रखंड ठाकुरगंज अंतर्गत छैतल पंचायत में अवस्थित कच्चूदह झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिजली प्रसाद सिंह ने कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. आलोक रंजन झा को एक ज्ञापन सौंपा। किशनगंज जिला भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने आए मंत्री डॉ आलोक रंजन झा को ज्ञापन सौंपने के बाद उक्त संबंध में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिजली प्रसाद सिंह ने बताया कि ठाकुरगंज के छैतल ग्राम पंचायत के हसनपुर गांव के समीप अवस्थित आकर्षक कच्चूदह झील, जो ठाकुरगंज अंचल अंतर्गत थाना नंबर:-81, मौजा – कच्चूदह, खाता नम्बर-35,खेसरा:- 76,रकवा:- 65.76 एकड़ में फैला हुआ है, की हालत आज ऐसी है कि आधे भाग पर जलकुंभी का राज है तो बाकी जल को तरस रहा है। इस झील को पर्यटन स्थल में विकसित करने का सपना सरकारी तिकड़मों में उलझ कर दम तोड़ता नजर आ रहा है। उन्होंने इस संबंध में मंत्री से बात करते हुए बताया कि इस झील को विकसित करने के बाद पर्यटन एवं रोजगार सृजन के लिहाज से काफी लाभदायक साबित हो सकता है।

कच्चूदह झील में ठंड के मौसम में साईबेरियन एवं दुर्लभ पक्षियों का जमावड़ा इसकी सुंदरता व महत्ता को बढ़ाता है। इस झील की सौन्दर्यीकरण की विभागीय कार्रवाई ठंडे बस्ते में चले जाने से प्रखंड वासियों के साथ-साथ जिलेवासियों में मायूसी है। फिलहाल झील में पानी की कमी व गहराई कम हो जाने से अपनी सौन्दर्यता खोती जा रही है। पर्यटन स्थल के रूप में कच्चूदह झील को विकसित करने का अभी तक मात्र आश्वासन ही प्राप्त हुआ हैं। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अनुकूल वातावरण होने के कारण ही ये प्रवासी पक्षियाँ यहाँ आते थे, जो इस क्षेत्र के लिये काफी शुभ संकेत माना जाता है। ये पक्षियाँ जहाँ भी रहेंगी, वहाँ की मिट्टी ज्यादा-से-ज्यादा उपजाऊ होती हैं। इन पक्षियों के मल में पर्याप्त मात्रा में नाइट्रोजन पाया जाता है, तो मिट्टी और पौधों के लिये काफी लाभदायक होता है। प्रवासी पक्षियाँ खेतों में पाये जाने वाले हानिकारक कीड़ों को भी नष्ट कर देती है।
उन्होंने कहा कि कच्चुदह झील में पक्षी अभयारण्य की असीम सम्भावनाए हैं। इस झील के सौन्दर्यीकरण के बाद यह झील पर्यटन का बड़ा केन्द्र भी बन सकता है। झील की यदि यथाशीघ्र सफाई नहीं की गई तो यह झील का अस्तित्व भी समाप्त हो सकता है। वहीं दूसरी ओर प्रखंड में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए खेल स्टेडियम का निर्माण करने के लिए भाजपा महिला मोर्चा के महामंत्री सह बेसरबाटी पंचायत की नवनिर्वाचित मुखिया अनुपमा देवी ने मंत्री डॉ आलोक रंजन झा को मांग पत्र सौंपी। अनुपमा देवी ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही हैं। पंचायत के चुरली गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर स्टेडियम बनने से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाडिय़ों को बढ़ावा मिलेगा। खेलों में क्रांति आएगी। बेसरबाटी पंचायत के चुरली हाट में हर वर्ष बड़े बड़े खेलों का आयोजन होता है। यदि इस स्थान में स्टेडियम का निर्माण हो जाए तो युवाओं में छिपी प्रतिभा को निखार मिलेगा, जिससे वह अपना और क्षेत्र का नाम देश और प्रदेश में नाम रोशन कर सकेंगे। द्वय भाजपा नेताओं ने कहा कि कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ आलोक रंजन झा ने क्षेत्र का दौरा कर उनकी मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

