• Tue. Apr 14th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

अमित शाह के संभावित दौरे से पहले इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी, अधिकारियों ने किया निरीक्षण।

ByHasrat

Feb 22, 2026

विवेक चौधरी, सारस न्यूज़, गलगलिया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संभावित दौरे की संभावना को देखते हुए जिले में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में शनिवार को आईजी विवेकानंद और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित गलगलिया के भातगांव अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान एसएसबी की 41वीं बटालियन के कमांडेंट योगेश सिंह, जिला प्रशासन के पदाधिकारी तथा पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भातगांव बीओपी पहुंचकर सीमा सुरक्षा इंतजाम, आवाजाही की निगरानी, चेकपोस्ट संचालन, सड़क संपर्क मार्ग और संभावित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों का बारीकी से निरीक्षण किया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा बलों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की गुंजाइश न रहे।

संभावित कार्यक्रम को लेकर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और खुफिया गतिविधियों पर भी नजर बनाए रखी गई है।निरीक्षण के समय एसडीपीओ मंगलेश कुमार, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित स्थानीय प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *