प्रतिनिधि, सारस न्यूज़, अररिया।
अररिया, 4 फरवरी 2025: जोकीहाट अंचल कार्यालय में कथित अनियमितताओं और अवैध राशि की मांग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वीडियो में मनोज कुमार को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में पारदर्शिता न रखते हुए अवैध वसूली करते हुए देखा गया। यह बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण अधिनियम के प्रतिकूल है, जिसके चलते उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।
जांच के आदेश और निलंबन की शर्तें
निलंबन आदेश बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 9(1) के तहत जारी किया गया है। निलंबन के दौरान मनोज कुमार का मुख्यालय अंचल कार्यालय, भरगामा में निर्धारित किया गया है, और इस अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
इसके अलावा, मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी पदाधिकारी (राजस्व प्रशाखा) एवं वरीय उप समाहर्ता संजय कुमार करेंगे। टीम में भूमि सुधार उप समाहर्ता एस. प्रतीक और आईटी प्रबंधक कृष्णेंदु कर्मकार को शामिल किया गया है। जांच टीम को निर्देश दिया गया है कि एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपे।
जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई सख्त नीति के तहत की गई है, जिससे सरकारी तंत्र में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
