राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद इम्तियाज की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने युवक के साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
दरअसल, बीते 16 फरवरी को इम्तियाज, जो ठाकुरगंज अंचल अधिकारी का ड्राइवर था, देर रात खाना खाने के बाद अपने दोस्त मोहम्मद राजा और मोहम्मद नूर अली के साथ निकला था। इसके बाद वह बंगाल के खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र में घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे सिलीगुड़ी में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सीमा खातून ने ठाकुरगंज थाना में दिए आवेदन में कहा है कि मोहम्मद राजा आपराधिक किस्म का व्यक्ति है और उसने 5 लाख रुपये कर्ज लिया था। उन्हें आशंका है कि इसी वजह से उनके पति की हत्या कर दी गई। मृतक की बहन ने भी साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर किशनगंज में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
