• Fri. Feb 27th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

रघुनाथपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका।

सारस न्यूज, अररिया।

रविवार को प्रखंड के रघुनाथपुर दक्षिणी प्ति पंचायत के वार्ड संख्या 10 में बाथ भरगामा बाजार के निवासी टुनटुन मेहता के 14 वर्षीय बेटे आशीष आनंद का शव उसके घर से करीब 50 गज की दूरी पर बांस की झाड़ियों के पास मिला। आशीष के गले पर रस्सी के फंदे के निशान पाए गए, जिससे यह शक जताया जा रहा है कि उसकी हत्या की गई होगी।

घटना की सूचना मिलने पर भरगामा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों में एसआई सिफैत यादव, एसआई रौशन कुमार, और एसआई चंद्रप्रकाश प्रसाद सशस्त्र बल के जवानों के साथ घटनास्थल पर जांच-पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की और नमूने एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आशीष के पिता टुनटुन मेहता ने बताया कि जब आशीष काफी देर तक घर में नहीं दिखा तो वह उसे ढूंढने के लिए घर के पीछे गए, जहां उन्हें आशीष का शव मिला। टुनटुन मेहता ने यह भी बताया कि जब वे अपने बेटे की तलाश कर रहे थे, तब उन्होंने घटनास्थल से चार लड़कों को भागते हुए देखा, जिनमें से दो की पहचान कर ली गई है। इस संबंध में उन्होंने तुरंत भरगामा पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी संभावित कोणों से इस घटना की तहकीकात में जुटी हुई है।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *