• Fri. Oct 3rd, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

परमान नदी अवस्थित चचरी पुल समीप हादसा: ट्यूशन टीचर की नदी में डूबने से मौत।

सारस न्यूज, अररिया।

नगर थाना क्षेत्र के हरियाली मार्केट समीप स्थित परमान नदी पर अवस्थित चचरी पुल को पार करने के दौरान एक ट्यूशन टीचर के पांव फिसलने पर नदी के पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के ठाकुरबाड़ी वार्ड संख्या 23 निवासी अमित कुमार देव (22), पिता सुनील कुमार देव के रूप में की गई है। वहीं, घटना के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया है। साथ ही, जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर लोगों का तांता लगा रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमित कुमार देव मंगलवार की दोपहर ट्यूशन पढ़ाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजन काफी चिंतित हो गए। अचानक मंगलवार की दोपहर स्थानीय लोगों ने परमान नदी के तट पर चचरी पुल के समीप अमित कुमार देव का शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, एएसआई अंकुर, एएसआई सुभाष प्रसाद सहित अन्य पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच करने के बाद नगर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और घटना मामले की जांच शुरू कर दी।

इधर, मृतक के चाचा प्रमोद देव ने बताया कि अमित का दिमागी संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं चल रहा था, जिसका इलाज डॉक्टर से कराया जा रहा था। बीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह आसपास के बच्चों को होम ट्यूशन पढ़ाता था।

परिजनों ने आशंका जताई कि चचरी पुल पार करते समय पैर फिसलने से अमित देव नदी में गिर गया होगा और गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी स्पष्ट किया कि मृतक अमित देव की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

इस घटना ने क्षेत्र में चचरी पुल की सुरक्षा व रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पूर्व भी कुछ दिन पहले एक शव स्थानीय लोगों ने बरामद किया था। स्थानीय लोग लंबे समय से पुल की मरम्मत व मजबूती की मांग कर रहे हैं।

वहीं, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *