Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

रामनवमी पर्व को ले अलर्ट मोड पर पुलिस व अंचल प्रशासन, ठाकुरगंज नगर क्षेत्र में प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च।

सारस न्यूज, किशनगंज।

रामनवमी पर्व को लेकर ठाकुरगंज नगर में उत्साह देखते ही बन रहा है। पूरे नगर क्षेत्र में भगवान राम और हनुमान के ऊंचे-ऊंचे झंडे लहराए जा रहे हैं। ऐसे में रामनवमी के पर्व में शांति और भाईचारगी बनी रहे, इसके लिए पुलिस व अंचल प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है। रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन द्वारा चिन्हित नगर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील जगह दंडाधिकारी व पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। सड़कों पर आते-जाते वाहनों की जांच की जा रही है।

वहीं दूसरी ओर पुलिस व अंचल प्रशासन रामनवमी का त्यौहार शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को ले बुधवार को ठाकुरगंज शहर में पुलिस व अंचल प्रशासन का फ्लैग मार्च निकाला गया। जिस मार्ग होकर रामनवमी के अवसर पर श्रीराम भक्त मंडल ठाकुरगंज द्वारा शोभायात्रा निकालने की अनुमति ली है, उसी मार्ग होकर प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति व सौहार्द पूर्ण वातावरण में रामनवमी का त्यौहार मनाने की अपील की गई। फ्लैग मार्च में शामिल अधिकारी, पुलिस बल व एसएसबी के जवान शहर के मुख्य मार्ग सहित महावीर स्थान, मस्तान चौक, ठाकुरगंज बाजार, नेहरू रोड, सोनारपट्टी, स्टेशन रोड, न्यु कॉलोनी, क्लब फील्ड, भातढाला चौक, जुबली चौक बस पड़ाव होते हुए थाना चौक तक भ्रमण किया।

इस मौके पर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने कहा कि रामनवमी का त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन कटिबद्ध है। पुलिस प्रशासन इसके लिए पूरी तरह मुस्तैद है। लोग पुलिस और प्रशासन पर विश्वास रखे, जिसके लिए फ्लैग मार्च निकाला गया। उन्होंने लोगों से शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी का त्यौहार मनाने की अपील की। सीओ ओमप्रकाश भगत ने ठाकुरगंज की जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन आपके साथ हर कदम पर खड़ी है, बेखौफ होकर शांतिपूर्वक पर्व मनाएं और शोभायात्रा का आनंद लें। सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान ने कहा कि शोभायात्रा के लिए जो मार्ग पहले से निर्धारित की जा चुकी है, उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। जो भी लोग इस नियम को तोड़ते हुए मार्ग बदलने का काम करेंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं इस फ्लैग मार्च में कुर्लिकोट थानाध्यक्ष इकबाल अहमद खान, पाठामारी थानाध्यक्ष आनंद कुमार, एसएसबी के मुख्य आरक्षी सी. चौधरी, प्रशिक्षु पुलिस निरीक्षक अमित कुमार, शत्रुघन कुमार, विपिन कुमार सिंह, प्रीति कुमारी, नेहा कुमारी, अस्मिता कुमारी व विकास कुमार, सअनि विपिन कुमार व विजय कुमार सिंह आदि सहित बड़ी संख्या में पुलिस व एसएसबी के बल कर्मी शामिल हुए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये खबरें कहीं छूट तो नहीं गई

error: Content is protected !!